आनंद विहार बस अड्डे पर प्रवेश करने वाली बसों से पार्किंग के लिए फास्टैग से लिया जाएगा शुल्क
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे पर प्रवेश करने वाली बसों से पार्किंग शुल्क फास्टैग से लिया जाएगा। अभी यहां आरएफआइडी से शुल्क वसूली की व्यवस्था है, जो धीमी होती है। इसमें रिचार्ज न होने की सूरत में नकद शुल्क लेना पड़ता है।
रोजाना चलती हैं करीब 2200 बसें
इस बस अड्डे से करीब 2200 बसें रोज संचालित होती हैं। इनमें से 900 बसें अंतरराज्यीय हैं। बाकी लोकल बसें हैं। सभी से आरएफआइडी से शुल्क लिया जाता है। काफी बसें ऐसी होती हैं, जिनका आरएफआइडी टैग रिचार्ज नहीं होता। उनकी वजह से शुल्क वसूली में समय लगता है। इससे रोड पर बसों की कतार लग जाती है और जाम लगने लगता है।
इस समस्या को देखते फास्टैग से शुल्क वसूली के बारे में सोचा गया। बस अड्डा संचालित कर रही दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस माह के अंत तक फास्टैग व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।