पहली बारिश में खुली पोल, दिल्ली के कई क्षेत्रों में जलभराव सड़कों पर लगा जाम
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है। बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, अंडरपास में पानी भर गया और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि इस बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। ऐसी ही स्थिति आज यानी बुधवार को भी बनने की संभावना है। बता दें दिल्ली में अभी प्री मॉनसून बारिश हो रही है और जल्द ही मॉनसूनी बारिश शुरू हो जाएगी।
भारी बारिश के कारण दिल्ली के अंडरपास, पुल, आईटीओ, और कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा। वहीं खराब मौसम के चलते दोपहर 3 से 4 बजे के बीच दिल्ली हवाई अड्डे पर 12 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया। मानसून से पहले नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के दावे किए गए, लेकिन हकीकत पहली ही बारिश में सामने आ गई। दिल्ली की सड़कों पर पानी और जाम नजर आया।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग में 10 मिमी, लोधी रोड पर 5 मिमी, पूसा में 41 मिमी, नारायणा में 15 मिमी और आयानगर में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम और सफदरजंग स्टेशनों पर दोपहर 2.30 बजे से 3 बजे तक और शाम 6.30 बजे 35-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से 3.8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था।
आईएमडी ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें खासतौर पर रात के समय बिजली के साथ तूफान, हल्की बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना जताई है। वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में गुरुवार तक येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
सरकार का बड़ा निर्णय: DGP सिद्ध नाथ 6 महीने और, केंद्रीय बल भी रहेंगे अतिरिक्त
चुनावी माहौल में AAP को झटका, सागर रबारी ने दिया इस्तीफा
आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद
स्वास्थ्य मंत्रालय की चेतावनी—लाइफस्टाइल बीमारियां सबसे बड़ा खतरा
छोटे कदम से बड़ा बदलाव संभव—अद्विक ने दिखाया