गर्मी से बेहाल लोग, मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश के संकेत दिए
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बीते 24 घंटों के भीतर प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा फेरबदल होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, चिलचिलाती धूप के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जरूर बनी हुई है।
राजनांदगांव और राजधानी रायपुर सबसे तपते शहर
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। राजनांदगांव और राजधानी रायपुर 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के सबसे गर्म इलाके दर्ज किए गए। इसके अलावा अन्य शहरों का हाल कुछ ऐसा रहा:
-
बिलासपुर: 41.8 डिग्री सेल्सियस
-
दुर्ग: 41.4 डिग्री सेल्सियस
-
बेमेतरा और सक्ती: 40.8 डिग्री सेल्सियस
कड़ी धूप और उमस के कारण इन जिलों में लोग बेहाल नजर आए। इसके विपरीत, जगदलपुर में पारा 38.5 डिग्री और अंबिकापुर में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां के निवासियों को बाकी प्रदेश के मुकाबले थोड़ी राहत मिली।
अगले 24 घंटों में अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग की मानें तो आज (शुक्रवार) छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ने की आशंका है, जहां गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चल सकती है। मौसम का यह रुख अगले दो दिनों तक बरकरार रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में छाएंगे बादल
बात करें राजधानी रायपुर की तो यहाँ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज आंधी चलने का अनुमान लगाया गया है। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
NEET को लेकर विपक्ष का बड़ा दांव, राहुल गांधी ने बुलाई कांग्रेस सांसदों की बैठक
24 घंटे में चार बार बातचीत की पेशकश, CJP प्रोटेस्ट पर सरकार ने रखा अपना पक्ष
मासूम से अपराध के आरोप में मौलाना पर शिकंजा, हापुड़ पुलिस कर रही जांच
मोदी सरकार के 12 साल में शिक्षा बजट का लेखा-जोखा, क्या कहते हैं आंकड़े?
यात्रियों का हंगामा, 6 घंटे खड़ी रही ट्रेन; पटरियों पर बैठकर जताया विरोध