नवनिर्मित दीवार ढही, मलबे में दबा परिवार; महिला की मौत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार देर रात मौसम के बदले मिजाज और तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। धूलभरी तेज हवाओं के थपेड़ों के कारण एक नव-निर्मित दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका पति और तीन छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सोते समय काल बनकर गिरी दीवार
यह हृदयविदारक घटना पिसावां थाना इलाके के छोटी बराहमऊ खुर्द गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले शकील अपनी पत्नी किस्मतजहां और तीन मासूम बच्चों—अमन बेग (6 वर्ष), अहद बेग (4 वर्ष) तथा समद बेग (2 वर्ष) के साथ घर के भीतर सो रहे थे। देर रात अचानक मौसम बिगड़ा और चक्रवाती हवाओं के साथ भयंकर तूफान शुरू हो गया।
इसी दौरान नवनिर्मित कच्ची-पक्की दीवार तेज हवा का दबाव नहीं झेल सकी और सीधे सो रहे परिवार के ऊपर आ गिरी। चीख-पुकार और धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण फौरन मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर नीचे दबे सभी लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में महिला को घोषित किया मृत, बच्चों का इलाज जारी
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गहन परीक्षण के बाद शकील की पत्नी किस्मतजहां को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शकील और उसके तीनों मासूम बच्चों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस अचानक आई आपदा से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
राशिफल 23 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कृषि, पशुपालन और उद्यम से जुड़ी धरमजयगढ़ की महिलाएं अब स्थानीय बीजों और अनाजों से बना रहीं राखियां
विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन
अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विकास निगम की बड़ी कार्रवाई